रॉकी दूबे, ओबरा
ओबरा प्रखंड मुख्यालय स्थित पंचायत भवन कार्यालय में मंगलवार को ग्राम सभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता स्थानीय मुखिया सीमा अग्रवाल व संचालन पंचायत सचिव मणिकांत कुमार ने किया। ग्राम सभा के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी राजू कुमार के आदेशानुसार ओबरा पंचायत में गीला एवं सूखा कचरा प्रबंधन के लिए स्वच्छता पर्यवेक्षक का चुनाव किया गया, जिसके लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा तीन नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया। नोडल पदाधिकारी के रूप में पंचायती राज पदाधिकारी विकास कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी पुनीत कुमार व मनरेगा अभियंता टीम उपस्थित रहे। सर्वसम्मति से उक्त तीनों नोडल पदाधिकारियों के द्वारा अभिषेक कुमार सोनी को स्वच्छता पर्यवेक्षक के रूप में मनोनीत किया गया। नोडल पदाधिकारियों ने बताया कि ओबरा पंचायत में चार उम्मीदवारों ने आवेदन दिया था। परन्तु गाइड लाइन के अनुसार अभिषेक कुमार सोनी को ही योग्यता के अधार पर चयन किया गया। पूर्व से अभिषेक कुमार सोनी ने स्वच्छता ग्राही के रूप में रहकर पंचायत में स्वच्छता के प्रति बेहतर कार्य किया है। इनके सराहनीय कार्यकाल को देखते हुए स्वच्छता पर्यवेक्षक के रूप में चयन किया गया है। नवनियुक्त स्वच्छता पर्यवेक्षक अभिषेक कुमार सोनी ने बताया कि मुझे जो जिम्मेवारी सौंपी गई है उसके प्रति हमेशा सक्रिय रहते हुए बेहतर करने का प्रयास करूंगा। पूरे पंचायत क्षेत्र को कचरा मुक्त किया जाएगा। पंचायत के सभी वार्डों में समय-समय पर कचरा का उठाव किया जाएगा। इस अवसर पर जिला परिषद प्रतिनिधि शिव प्रकाश, सरपंच प्रतिनिधि सुशील कुमार, अभाविप नेता पुष्कर अग्रवाल, विकास कुमार, पिंटू गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
Leave a Reply