जिला पदाधिकारी ने पैक्स गोदाम का किया निरीक्षण

रॉकी दूबे, ओबरा

जिला पदाधिकारी सौरभ जोरवाल व खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग बिहार सरकार के सचिव विनय कुमार ने शुक्रवार को ओबरा प्रखंड के उब पैक्स गोदाम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी व खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग बिहार सरकार के सचिव ने पैक्स के द्वारा खरीदी गई धान की मात्रा, क्रय पंजी एवं स्टाक का मिलान किया जो सही पाया गया। जिला पदाधिकारी सौरभ जोरवाल ने पैक्स प्रतिनिधि जितेंद्र यादव को धान अधिप्राप्ति को लेकर कई प्रकार का दिशा निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने बताया कि सभी किसानों का धान ससमय अधिप्राप्ति करें ताकि किसानों को कोई समस्या ना हो सके। किसान ही हमारे देश के अन्नदाता है। वहीं पैक्स प्रतिनिधि जितेंद्र यादव ने दोनों पदाधिकारियों को अंग वस्त्र एवं गुलदस्ता देकर स्वागत किया। उसके बाद पैक्स से संबंधित एक मांग पत्र जिला पदाधिकारी को सौंपा। मांग पत्र के माध्यम से बताया कि जिले में उसना मील की संख्या मात्र 9 है, जिसमें मात्र 6 मिल ही चालू हालत में है। इस 6 मील से पूरे जिले का उसना चावल गिराना मुश्किल है। समय पर अगर चावल उपलब्ध नहीं हो पाएगा तो जिले के सभी पैक्स डिफॉल्टर हो जाएंगे। जिला पदाधिकारी से अनुरोध है कि पूर्व की भांति इस वर्ष भी अरवा एवं उसीना दोनों चावल पैक्स द्वारा लिया जाए तभी हम सभी पैक्स समय पर चावल उपलब्ध करा सकेंगे। बताया कि ओबरा दाउदनगर के लिए ओबरा में एक एसएफसी का सेंटर होना अति आवश्यक है। पैक्स प्रतिनिधि जितेंद्र यादव ने कहा कि एसएफसी के द्वारा पेमेंट करने में सप्ताह दिन का टाइम लिया जाता है। अगर ऐसे ही पेमेंट में लेट किया जाएगा तो सही समय पर किसानों का भुगतान नहीं हो पाएगा, जिससे किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उक्त तथ्यों पर विचार करते हुए खाद एवं उपभोक्ता संरक्षण बिहार सरकार के सचिव विनय कुमार व जिला पदाधिकारी सौरभ जोरवाल ने कहा की इन सभी बिंदुओं पर विचार किया जाएगा एवं किसी भी पैक्स अध्यक्ष को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *