रॉकी दूबे, ओबरा
ओबरा प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बिहार राज्य वैक्सीन कोरियर संघ एवं आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर राज्य सरकार के विरुद्ध आक्रोशपूर्ण धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री मुर्दाबाद, मुख्यमंत्री मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। वैक्सीन कोरियर संघ के अध्यक्षता चंद्रमा बैठा तथा आशा कार्यकर्ता संघ के नेतृत्व कर रही अंजू कुमारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि सरकार जब तक हमारी मांगे पूरा नहीं करती है तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि स्वास्थ्य विभाग में चलने वाले विभिन्न योजनाओं में कोरियर को स्थाई नियुक्ति, सरकारी सेवा घोषित तथा वैक्सीन के प्रत्येक बक्सों पर ₹90 दिए जाने वाली राशि को बढ़ाकर प्रति बक्सा ₹500 मुहैया कराया जाए। दुर्घटना एवं मृत्यु उपरांत वैक्सीन कोरियर कर्मी को बारह लाख का बीमा कराया जाए तथा पूरे माह काम दिया जाए। इधर आशा कार्यकर्ता संघ का कहना है कि स्थाई नियुक्ति कर सरकारी सेवा घोषित करें, मानदेय के रूप में कम से कम 10000 देना सुनिश्चित करें, पूर्व पोर्टल का भुगतान सुनिश्चित करें तथा करोना काल में किये गए कार्य का अविलंब भुगतान कराये। धरना प्रदर्शन में मंजू देवी, आशा देवी, मीरा देवी, कुंती देवी, पिंकी देवी, ममता देवी, शांति देवी, हेमा देवी, प्रमिला देवी, बिंदा प्रसाद शर्मा, सुबोध कुमार, अशोक कुमार, मनोज वर्मा, हरिप्रसाद, नंदलाल सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहें।
Leave a Reply