चितरंजन कुमार:-
औरंगाबाद जिले के नवीनगर थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव के समीप एक 21 वर्षीय युवक को गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना बुधवार के रात की है. इस दौरान अपराधियों ने युवक को चार गोली मारी. जिसमें एक गोली युवक के जांघ में लगी, दूसरी गोली सीने के ऊपरी कंधे में लगी और दो गोली पेट में अपराधियों ने मारा. मृतक की पहचान कुटुंबा थाना क्षेत्र के लोहरचक गांव निवासी केदार यादव के पुत्र डब्लू कुमार के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डब्लू बुधवार की शाम अपने परिजनों से देवरिया गांव से एक दोस्त की बरात जाने के लिए कहकर घर से निकला था. लेकिन देर रात को लगभग 11:00 बजे अपराधियों ने सोनबरसा के समीप गोली मार दी. इसके बाद अपराधी मृत समझकर इसे एक घर मे छोड़ दिया. जिसके बाद डब्लू अपने फोन से इसकी सूचना अपने छोटे भाई राकेश को दी. सूचना मिलते ही राकेश ने इसकी सूचना नवीनगर पुलिस को दी. सूचना पाकर पुलिस दल बल के साथ घटनास्थल पहुंची. इसके बाद युवक को उठाकर इलाज के लिए रेफरल अस्पताल नवीनगर ले जाया गया. जहां से चिकित्सकों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
लेकिन सदर अस्पताल से भी युवक की स्थिति गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज हेतु मगध मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल गया रेफर कर दिया गया लेकिन गुरुवार की सुबह 10:00 बजे बीच रास्ते में उसकी मौत हो गई. जिसके बाद परिजन शव को सदर अस्पताल औरंगाबाद लेकर पहुंचे. सदर अस्पताल में मृतक के दादा चंद्रदेव यादव ने बताया कि बारात जाने के लिए कहकर निकला और रात में गोली लगने की खबर मिली. उन्होंने गोलीबारी का आरोप नबीनगर प्रखंड के टंडवा थाना क्षेत्र के दुआरी गांव निवासी दीपक सिंह व महुआ धाम निवासी धनंजय सिंह पर लगाया है.
उन्होंने बताया कि महुआ धाम के मेले में धनंजय सिंह अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों में दबदबा बनाए हुए रहता है उसी को लेकर इन लोगों के द्वारा विरोध किया गया था. जिसमें 10 दिन पूर्व मारपीट की घटना घटी थी. उसी पुरानी दुश्मनी में इस घटना को अंजाम दिया गया है. उन्होंने बताया कि डब्लू को गोली मारकर जिस घर में रखा गया था वह घर धनंजय सिंह के बहन और दीपक के मौसी का घर है. घटना के संबंध में कुटुंबा थाना अध्यक्ष बलवंत सिंह ने बताया कि 10 दिन पूर्व महुआ धाम में मारपीट की घटना घटी थी जिसमे डब्लू को भी नामजद आरोपी बनाया गया था.
घटना के बाद नबीनगर थाने की पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। हालांकि इस घटना के संबंध में नवीनगर थाना के दरोगा राजू कुमार में बताया कि गोली लगने के बाद युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां से बाहर रेफर किये जाने पर बीच रास्ते मे ही उसकी मौत हो गयी. वैसे मृतक के परिजनों द्वारा इस मामले में कोई आवेदन नही दी गयी है।
Leave a Reply